10 अर्थशास्त्र

वैश्वीकरण और भारतीय अर्थव्यवस्था

Extra Questions Answers

प्रश्न:1 वैश्वीकरण से आप क्या समझते हैं?

उत्तर: आधुनिक समय में पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था आपस में जुड़ी हुई है। विश्व की अर्थव्यवस्था के इस परस्पर जुड़ाव को वैश्वीकरण या ग्लोबलाइजेशन कहते हैं।

प्रश्न:2 सिल्क रूट क्या है?

उत्तर: चीन का रेशम जिस रास्ते से अरब और फिर पश्चिम के देशों और अन्य देशों में जाता था उस रास्ते को सिल्क रूट कहा जाता था।

प्रश्न:3 कोई कम्पनी अपने उत्पाद दुनिया के अलग-अलग देशों में क्यों बनवाती है? उदाहरण सहित समझाइए।

उत्तर: हर कंपनी इस बात की पूरी कोशिश करती है कि उत्पादन के लागत को कम किया जाये। इसके लिये जरूरत पड़ने पर कंपनियाँ उत्पादन के कई चरणों को अलग-अलग देशों में पूरा करवाती हैं। यदि एप्पल नामक कंपनी अमेरिका में अपने उत्पाद बनाएगी तो वहाँ खर्च अधिक आयेगा क्योंकि अमेरिका में कामगारों को अधिक पारिश्रमिक देना होता है। यदि ताइवान या चीन में काम होगा तो खर्च कम आयेगा क्योंकि इन देशों में कामगारों को कम पारिश्रमिक देना होता है। कच्चे माल को हमेशा ऐसे स्थान से खरीदने की कोशिश की जाती है जहाँ वह सबसे सस्ते में उपलब्ध हो। इस तरह से विभिन्न देशों से काम करवाने में लागत कम की जा सकती है और मुनाफे को बढ़ाया जा सकता है।

प्रश्न:4 वैश्वीकरण ने किस तरह रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद की है?

उत्तर: वैश्वीकरण से आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है। नई नई कम्पनियों के आने से रोजगार के नये नये अवसर उत्पन्न हुए हैं। इसके कारण कई नये आर्थिक केंद्रों का विकास हुआ है, जैसे; गुड़गाँव, चंडीगढ़, पुणे, हैदराबाद, आदि।

प्रश्न:5 वैश्वीकरण से हमारी जीवनशैली पर क्या असर पड़ा है?

उत्तर: वैश्वीकरण का प्रभाव लोगों की जीवनशैली पर भी पड़ा है। 1990 के पहले तक लोग दो जोड़ी पैंट शर्ट में गुजारा कर लेते थे। अब तो लोगों के पास हर मौके के लिये अलग अलग ड्रेस होते हैं। पहले जींस की पैंट बहुत कम लोगों के पास हुआ करती थी। अब अधिकांश लोग जींस की पैंट का इस्तेमाल करने लगे हैं। लोगों का खान पान भी बदल गया है। अब मैगी के नूडल्स इस तरह से खरीदे जाते हैं जैसे महीने का राशन खरीदा जाता हो।