10 भूगोल

खनिज संसाधन

NCERT Solution

बहुवैकल्पिक प्रश्न

प्रश्न:1निम्नलिखित में से कौन सा खनिज अपक्षयित पदार्थों के अवशिष्ट भार को त्यागता हुआ चट्टानों के अपघटन से बनता है?

  1. कोयला
  2. बॉक्साइट
  3. सोना
  4. जस्ता

उत्तर: बॉक्साइट

प्रश्न:2झारखंड में स्थित कोडरमा निम्नलिखित से किस खनिज का अग्रणी उत्पादक है?

  1. बॉक्साइट
  2. अभ्रक
  3. लौह अयस्क
  4. ताँबा

उत्तर: अभ्रक

प्रश्न:3निम्नलिखित चट्टानों में से किस चट्टान के स्तरों में खनिजों का निक्षेपण और संचयन होता है?

  1. तलछटी चट्टानें
  2. आग्नेय चट्टानें
  3. कायांतरिक चट्टानें
  4. इनमें से कोई नहीं

उत्तर: तलछटी चट्टानें

प्रश्न:4मोनाजाइट रेत में निम्नलिखित में से कौन सा खनिज पाया जाता है?

  1. खनिज तेल
  2. यूरेनियम
  3. थोरियम
  4. कोयला

उत्तर: थोरियम

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 30 शब्दों में दीजिए।

प्रश्न:1लौह और अलौह खनिज में अंतर स्पष्ट करें।

उत्तर: वैसे धात्विक खनिज जिनमें लोहा होता है लौह खनिज कहलाते हैं। उदाहरण: लौह अयस्क, मैगनीज, निकेल, कोबाल्ट, आदि। जिन धात्विक खनिजों में लोहा नहीं होता है उन्हें अलौह खनिज कहते हैं। उदाहरण: ताँबा, बॉक्साइट, टिन, आदि।

प्रश्न:2परंपरागत तथा गैर परंपरागत ऊर्जा साधन में अंतर स्पष्ट करें।

उत्तर: ऊर्जा के जिन साधनों का इस्तेमाल लंबे समय से हो रहा है उन्हें परंपरागत ऊर्जा साधन कहते हैं। उदाहरण: कोयला, जलावन की लकड़ी, पेट्रोलियम, पनबिजली, आदि। ऊर्जा के जिन साधनों का इस्तेमाल अभी हाल ही में शुरु हुआ है उन्हें गैर परंपरागत ऊर्जा साधन कहते हैं। उदाहरण: सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, आदि।

प्रश्न:3खनिज क्या है?

उत्तर: खनिज एक प्राकृतिक रूप से विद्यमान समरूप पदार्थ है जिसकी एक निश्चित आंतरिक संरचना होती है।

प्रश्न:4आग्नेय तथा कायांतरित चट्टानों में खनिजों का निर्माण कैसे होता है?

उत्तर: आग्नेय और रूपांतरित चट्टानों में छोटे जमाव शिराओं के रूप में और बड़े जमाव परत के रूप में पाये जाते हैं। इन शैलों में खनिजों का निर्माण तब होता है जब खनिज पिघली हुई अवस्था या गैसीय अवस्था में होता है। ऐसे में खनिज दरारों से होकर भूमि की ऊपरी सतह तक पहुँच जाते हैं। उदाहरण: टिन, जस्ता, लेड, आदि।

प्रश्न:5हमें खनिजों के संरक्षण की क्यों आवश्यकता है?

उत्तर: खनिजों के बनने में करोड़ों वर्ष लग जाते हैं। जिस तेजी से हम खनिजों का इस्तेमाल कर रहे हैं उसकी तुलना में खनिजों का पुनर्रभरण की प्रक्रिया अत्यंत धीमी होती है। इसलिए खनिज संसाधन सीमित हैं और अनवीकरण योग्य हैं। इसलिए खनिजों का संरक्षन महत्वपूर्ण हो जाता है।

निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 120 शब्दों में दीजिए।

प्रश्न:1भारत में कोयले के वितरण का वर्णन कीजिए।

उत्तर: भारत में पाया जाने वाला कोयला दो मुख्य भूगर्भी युगों की चट्टानों की परतों में मिलता है। गोंडवाना कोयले का निर्माण बीस करोड़ साल पहले हुआ था। टरशियरी निक्षेप के कोयले का निर्माण लगभग साढ़े पाँच करोड़ साल पहले हुआ था। गोंडवाना कोयले के मुख्य स्रोत दामोदर घाटी में हैं। इस बेल्ट में झरिया, रानीगंज और बोकारो में कोयले की मुख्य खदाने हैं। गोदावरी, महानदी, सोन और वर्धा की घाटियों में भी कोयले के भंडार हैं। टरशियरी कोयला पूर्वोत्तर के मेघालय, असम, अरुणाचल और नागालैंड में पाया जाता है।

प्रश्न:2भारत में सौर ऊर्जा का भविष्य उज्जवल है। क्यों?

उत्तर: सौर ऊर्जा भविष्य के लिए नई उम्मीदें जगाता है। इससे ग्रामीण इलाकों में जलावन और उपलों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इससे जीवाष्म ईंधन के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। भारत दुनिया के उन देशों में से है जहाँ साल के अधिकतर महीनों में प्रचुर मात्रा में धूप मिलती है। इसलिए भारत में सौर ऊर्जा से बिजली का निर्माण आसानी से संभव हो सकता है। जब टेक्नॉलोजी सस्ती हो जाएगी तो यह संभव है कि सौर ऊर्जा ही हमारे लिए ऊर्जा का मुख्य साधन बन जाए।