10 इतिहास

काम आराम और जीवन

Extra Questions Answers

प्रश्न:1 शहर से आप क्या समझते हैं?

उत्तर: शहर उस स्थान को कहते हैं जहाँ प्रमुख आर्थिक क्रियाओं में कृषि का कोई स्थान नहीं होता है। जब भोजन का उत्पादन इतना अधिक होने लगा कि उससे अन्य आर्थिक गतिविधियों को समर्थन मिलने लगा तो शहरों का विकास हुआ।

प्रश्न:2 अठारहवीं सदी में अधिकतर लोग लंदन की तरफ पलायन क्यों करते थे?

उत्तर: लंदन में कोई बड़ी फैक्टरी नहीं थी। इसके बावजूद लंदन पलायन करने वालों की मुख्य मंजिल हुआ करता था। लंदन के डॉकयार्ड में रोजगार के काफी अवसर थे। इसके अलावा लोगों को कपड़ा, जूते, लकड़ी, फर्नीचर, मेटल, इंजीनियरिंग, प्रिंटिंग और प्रेसिजन इंस्ट्रूमेंट में भी काम मिलता था। इसलिये अठारहवीं सदी में अधिकतर लोग लंदन की तरफ पलायन करते थे।

प्रश्न:3 छोटे बच्चों को लंदन के कारखानों में काम करने से रोकने के लिये ब्रिटिश सरकार ने क्या कदम उठाये?

उत्तर: 1870 में कम्पल्सरी एजुकेशन एक्ट पास हुआ और 1902 में फैक्टरी एक्ट पास हुआ। इन कानूनों की मदद से यह सुनिश्चित किया गया कि छोटे बच्चों को कारखानों में काम न करना पड़े।

प्रश्न:4 लंदन में गरीब लोग किस तरह के मकान में रहते थे? इससे क्या समस्या थी?

उत्तर: गरीब लोग एक कमरे के मकानों में रहते थे। ऐसे मकानों की अधिक संख्या को जनता के स्वास्थ्य के लिये खतरा माना जाने लगा। ऐसे मकानों हवा आने जाने की समुचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसे मकानों में सफाई का प्रावधान भी नहीं था। इन मकानों में हमेशा आग लगने का खतरा भी बना रहता था। कठिन परिस्थिति में रहने वाले लोग समाज में लड़ाई झगड़े के लिये अनुकूल परिस्थिति प्रदान करते थे।

प्रश्न:5 औद्योगीकरण से शहर में किस तरह के सामाजिक बदलाव हुए?

उत्तर: औद्योगीकरण के कारण शहर में सामाजिक बदलाव भी हुए। परिवार का आकार छोटा होता जा रहा था और व्यक्तिवाद बढ़ता जा रहा था। कामगार वर्ग में शादियाँ टूटने भी लगीं थीं। उच्च मध्य वर्ग की महिलाओं का अकेलापन बढ़ने लगा था।

प्रश्न:6 ब्रिटेन में श्रमिक वर्ग के लोग मनोरंजन के लिये क्या करते थे?

उत्तर: श्रमिक वर्ग के लोग पब में मिलते थे। उनके लिये एक दूसरे की खबर जानने और विचारों का आदान प्रदान करने के लिये पब एक अच्छी जगह थी। उन्नीसवीं सदी में लाइब्रेरी, आर्ट गैलरी और म्यूजियम बनाये गये ताकि लोग ब्रिटेन के इतिहास और उपलब्धियों पर गर्व महसूस कर सकें। म्यूजिक हॉल निम्न वर्ग के लोगों में काफी लोकप्रिय थे। बीसवीं सदी की शुरुआत से ही सिनेमा हर वर्ग के लोगों में काफी लोकप्रिय हो चुका था।

प्रश्न:7 बम्बई कैसे ब्रिटिश हुकूमत के कब्जे में आया?

उत्तर: सत्रहवीं सदी में बम्बई पुर्तगाल के अधीन था। यह सात द्वीपों का एक समूह था। 1661 में ब्रिटेन के राजा चार्ल्स द्वितीय की शादी पुर्तगाल की राजकुमारी के साथ हुई और बम्बई शहर को उपहार स्वरूप चार्ल्स द्वितीय को दे दिया गया। इस तरह से बम्बई का नियंत्रण ब्रिटिश हुकूमत के हाथों में आ गया।

प्रश्न:8 बम्बई की चाल का वर्णन करें।

उत्तर: एक चाल एक बहुमंजिला इमारत होती थी। इस तरह के मकान निजी मालिकों की संपत्ति हुआ करते थे। हर चाल में एक कमरे के कई मकान होते थे। इनमें कोई प्राइवेट टॉयलेट नहीं होता था और कई लोगों को एक ही टॉयलेट से काम चलाना पड़ता था। किराया इतना अधिक होता था कि लोगों को किसी रिश्तेदार या स्वजातीय लोगों के साथ एक कमरा शेअर करना पड़ता था।