7 विज्ञान

अपशिष्ट जल की कहानी

NCERT अभ्यास

प्रश्न 1: रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए

  1. जल को स्वच्छ करना .................... को दूर करने का प्रक्रम है।
  2. घरों द्वारा निर्मुक्त किए जाने वाला अपशिष्ट जल ..................... कहलाता है।
  3. शुष्क .................. का उपयोग खाद के रूप में किया जाता है।
  4. नालियाँ ............. और ……………. के द्वारा अवरुद्ध हो जाती हैं।

उत्तर: (a) अशुद्धियाँ, (b) वाहित मल, (c) शुष्क आपंक, (d) तेल, वसा

प्रश्न 2: वाहित मल क्या है? अनुपचारित वाहित मल को नदियों अथवा समुद्र में विसर्जित करना हानिकारक क्यों है, समझाइए।

उत्तर: घरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को वाहित मल कहते हैं। वाहित मल में कई अशुद्धियाँ होती हैं जो जीवों के लिए हानिकारक होती हैं। इसले अनुपचारित वाहित मल को नदियों या समुद्र में विसर्जित करना हानिकारक है।

प्रश्न 3: तेल और वसाओं को नाली में क्यों नहीं बहाना चाहिए? समझाइए।

उत्तर: तेल और वसा से नाली जाम हो जाती है। तेल और वसा से मिट्टी से होकर पानी रिसने की प्रक्रिया कम हो जाती है। इसलिए तेल और वसाओं को नाली में नहीं बहाना चाहिए।

प्रश्न 4: अपशिष्ट जल से स्वच्छ जल प्राप्त करने के प्रक्रम में सम्मिलित चरणों का वर्णन कीजिए।

उत्तर: अपशिष्ट जल से स्वच्छ जल प्राप्त करने के लिए इसका भौतिक, रासायनिक और जैविक उपचार किया जाता है। इस प्रक्रिया के विभिन्न चरण नीचे दिए गए हैं।

भौतिक प्रक्रिया: इस प्रक्रिया के दौरान वाहित जल में से अघुलनशील कचरे को अलग किया जाता है। कपड़ा, टहनी, प्लास्टिक, कैन, रेत और कंकड़, ठोस कचरा हैं। मानव मल और तेल तथा वसा को भी इसी चरण में अलग किया जाता है।

जैविक प्रक्रिया: निर्मलीकृत जल में हवा पंप की जाती है ताकि बैक्टीरिया पनप सकें। बैक्टीरिया बचे खुचे मानव मल को समाप्त कर देते हैं।

रासायनिक प्रक्रिया: अब वाहित जल को क्लोरीन या ओजोन से ट्रीट किया जाता है। क्लोरीन के कारण पानी में मौजूद रोगाणु मर जाते हैं। उसके बाद मिलने वाला जल पीने के लायक होता है।

प्रश्न 5: आपंक क्या है? समझाइए कि इसे कैसे उपचारित किया जाता है।

उत्तर: वाहित जल उपचार के दौरान सेडिमेंटेशन टैंक की तली में जमा होने वाले ठोस पदार्थ को आपंक कहते हैं। आपंक या स्लज के उपचार के लिए अवायवीय बैक्टीरिया की मदद ली जाती है जो निम्नीकरण का काम करते हैं। निम्नीकरण या विघटन की प्रक्रिया के दौरान बायोगैस बनती है और कम्पोस्ट बनता है।

प्रश्न 6: अनुपचारित मानव मल एक स्वास्थ्य संकट है। समझाइए।

उत्तर: खुले में पड़ा हुआ मानव मल मक्खियों और कीटों को अपनी ओर आकर्षित करता है। ये कीट कई खतरनाक बीमारियों के रोगाणुओं के वाहक होते हैं। इससे हैजा, पेचिश, पीलिया, आदि बिमारियों के फैलने का खतरा रहता है। इससे पता चलता है कि अनुपचारित मानव मल एक स्वास्थ्य संकट है।

प्रश्न 7: जल को रोगाणुनाशित (रोगाणुमुक्त) करने के लिए उपयोग किए जाने वाले दो रसायनों के नाम बताइए।

उत्तर: क्लोरीन और ओजोन

प्रश्न 8: अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र में शलाका छन्नों के कार्यों को समझाइए।

उत्तर: वाहित मल को एक बार-स्क्रीन (शलाका छन्ना) से गुजारा जाता है जिसमें लंबे छड़ों से बना हुआ फिल्टर होता है। इस चरण में बड़ी वस्तुएँ, जैसे कपड़ा, छड़ी, टहनी, प्लास्टिक बैग, कैन, आदि अलग हो जाते हैं।

प्रश्न 9: स्वच्छता और रोग के बीच के संबंध को समझाइए।

उत्तर: स्वच्छता और रोग के बीच का संबंध ऐसा है जिसमें एक का होना दूसरे के न होने की गारंटी है। यदि स्वच्छत नहीं होगी तो लोगों में बिमारी फैलेगी। यदि स्वच्छता होगी तो कई बिमारियों से बचा जा सकता है।

प्रश्न 10: स्वच्छता के संदर्भ में एक सक्रिय नागरिक के रूप में अपनी भूमिका को समझाइए।

उत्तर: स्वच्छता के संदर्भ में एक सक्रिय नागरिक के रूप में मैं स्वच्छता के लिए कई काम कर सकता हूँ। मुझे अपने घर में और आसपास सफाई रखनी चाहिए। मुझे कूड़ेदान के सही इस्तेमाल का अच्छा खासा अभ्यास होना चाहिए। जरूरत पड़ने पर अपने आस पड़ोस में गंदगी की समस्या से नगरपालिका या जिला प्रशासन को समस्या के बारे में बताना चाहिए।