8 नागरिक शास्त्र

भारतीय संविधान

NCERT अभ्यास

प्रश्न 1: किसी लोकतांत्रिक देश को संविधान की जरूरत क्यों पड़ती है?

उत्तर: संविधान कई उद्देश्यों को पूरा करता है। सबसे पहले यह उन आदर्शों को तय करता है जिनपर किसी देश के नागरिक चलने की इच्छा रखते हैं।

देश के राजनैतिक तंत्र को परिभाषित करना संविधान का दूसरा उद्देश्य है।

प्रश्न 2: नीचे दिए गए दो दस्तावेजों के हिस्सों को देखिए। पहला कॉलम 1990 का नेपाल के संविधान का है। दूसरा कॉलम नेपाल के ताजा संविधान से लिया गया है।

1990 का नेपाल का संविधान
भाग 7: कार्यपालिका
2015 का नेपाल का संविधान
भाग 7: संघीय कार्यपालिका
अनुच्छेद 35: कार्यकारी शक्तियाँ
नेपाल अधिराज्य की कार्यकारी शक्तियाँ महामहिम नरेश एवं मंत्रीपरिषद में निहित होंगी।
अनुच्छेद 75: कार्यकारी शक्तियाँ
नेपाल की कार्यकारी शक्तियाँ, संविधान और कानून के अनुसार, मंत्रीपरिषद में निहित होंगी।

नेपाल के इन दोनों संविधानों में कार्यकारी शक्ति के उपयोग में क्या फर्क दिखाई देता है? इस बात को ध्यान में रखते हुए क्या आपको लगता है कि नेपाल को एक नए संविधान की जरूरत है? क्यों?

उत्तर: नेपाल के पुराने संविधान में सारी शक्तियाँ राजा के हाथों में थीं। तब लोगों के पास कोई शक्ति नहीं थी। बाद में नेपाल के लोगों ने तय किया कि देश में लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था होनी चाहिए। इसलिए नेपाल को एक नए संविधान की जरूरत पड़ी।

प्रश्न 3: अगर निर्वाचित प्रतिनिधियों की शक्ति पर कोई अंकुश न होता तो क्या होता?

उत्तर: अगर निर्वाचित प्रतिनिधियों की शक्ति पर कोई अंकुश न होता तो उनके द्वारा सत्ता के दुरुपयोग का खतरा पैदा हो जाता। ऐसे में लोगों को कई दूरगामी नुकसान पहुँचने की संभावना होती।

प्रश्न 4: निम्नलिखित स्थितियों में अल्पसंख्यक कौन है? इन स्थितियों में अल्पसंख्यकों के विचारों का सम्मान करना क्यों महत्वपूर्ण है? इसका एक एक कारण बताइए।

(a) एक स्कूल में 30 शिक्षक हैं और उनमें से 20 पुरुष हैं।

उत्तर: बहुसंख्यक होने के कारण पुरुषों द्वारा महिला शिक्षकों के अधिकारों के उल्लंघन की संभावना है।

(b) एक शहर में 5 प्रतिशत लोग बौद्ध धर्म को मानते हैं।

उत्तर: बौद्ध धर्म के लोगों पर बहुसंख्यक समुदाय द्वारा अत्याचार का खतरा हो सकता है।

(c) एक कारखाने के भोजनालय में 80 प्रतिशत कर्मचारी शाकाहारी हैं।

उत्तर: हो सकता है कि शाकाहारी कर्मचारी, बाकी कर्मचारियों की भोजन शैली पर कुठाराघात करते और उनके मनपसंद भोजन से वंचित कर देते।

(d) 50 विद्यार्थियों की कक्षा में 40 विद्यार्थी संपन्न परिवारों से हैं।

उत्तर: जो विद्यार्थी निर्धन परिवार से हैं उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुँचने का खतरा है।

प्रश्न 5: नीचे भारतीय संविधान के मुख्य आयामों की सूची दी गई है। दो-दो वाक्यों में लिखिए कि आपकी राय में यह आयाम क्यों महत्वपूर्ण है।

(a) संघवाद

उत्तर: भारत जैसे विशाल देश में यह बिलकुल असंभव है कि देश की राजधानी में बैठी केंद्रीय सरकार देश के हर हिस्से की स्थानीय जरूरतों का सही आकलन कर सके और उस के अनुरूप काम कर सके। इसलिए संघीय व्यवस्था की जरूरत है ताकि शासन व्यवस्था का लाभ हर नागरिक को मिल सके।

(b) शक्तियों का बँटवारा

उत्तर: यदि शक्ति कुछ मुट्ठी भर लोगों तक सीमित रहती है तो सत्ता के दुरुपयोग का खतरा रहता है। इसलिए शक्तियों का बँटवारा जरूरी होता है।

(c) मौलिक अधिकार

उत्तर: मौलिक अधिकार, नागरिकों को सरकार द्वारा शक्तियों के मनमाने दुरुपयोग से बचाते हैं। इस तरह से संविधान यहाँ के नागरिकों के अधिकारों की सरकार से और अन्य नागरिकों से सुरक्षा की गारंटी देता है।

(d) संसदीय शासन पद्धति

उत्तर: हर स्तर की सरकार का गठन जनता द्वारा चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा होता है। भारत के संविधान ने हर वयस्क नागरिक को मताधिकार प्रदान किया है। इस तरह से भारत के नागरिकों की अपने प्रतिनिधि चुनने में सीधी भूमिका होती है। इसके अलावा, हर नागरिक को (चाहे वह किसी भी सामाजिक पृष्ठभूमि से हो) चुनाव लड़ने का अधिकार मिला हुआ है।

प्रश्न 6: उन भारतीय राज्यों के नाम लिखिए जिनकी सीमाएँ निम्नलिखित पड़ोसी देशों से लगती हैं।

(a) बांग्लादेश

उत्तर: पश्चिम बंगाल, असम, मिजोरम और मणिपुर

(b) भूटान

उत्तर: पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश

(c) नेपाल

उत्तर: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम