6 भूगोल

पृथ्वी के प्रमुख परिमंडल

आप क्या सीखेंगे:

पृथ्वी की सतह को तीन मुख्य भागों में बाँटा जा सकता है: भूमंडल, वायुमंडल और जलमंडल।

भूमंडल: पृथ्वी की सतह के ठोस भाग को भूमंडल कहते हैं। यह भूपर्पटी के शैलों से बना हुआ है। इसके ऊपर मिट्टी की एक पतली परत है। मिट्टी में खनिज पोषक होते हैं जो विभिन्न जीवों का पालन करते हैं।

वायुमंडल: पृथ्वी के चारों ओर मौजूद हवा की मोटी परत को वायुमंडल कहते हैं। वायुमंडल की मोटाई लगभग 1600 किमी है। वायुमंडल विभिन्न गैसों से बना है।

जलमंडल: यह जल से बना हुआ अहै। पृथ्वी पर जल तीनों अवस्थाओं (ठोस, द्रव और गैस) में मौजूद है। पृथ्वी की सतह का लगभग दो तिहाई हिस्सा जल से ढ़का हुआ है।

भूमंडल

पृथ्वी की सतह को दो मुख्य भागों में बाँटा जा सकता है: महाद्वीप और महासागरीय बेसिन। बड़े स्थलीय भूभागों को महाद्वीप कहते हैं। विशाल जलाशयों को महासागरीय बेसिन कहते हैं।

दुनिया के सभी महासागर एक दूसरे से आपस में जुड़े हुए हैं। इसलिए हर जगह समुद्र का स्तर एक समान रहता है। समुद्र तल से जमीन की ऊँचाई मापी जाती है, और समुद्र तल के स्तर को जीरो माना जाता है।

पृथ्वी पर सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट है जो समुद्र तल से 8,848 मी की ऊँचाई पर है। दूसरी तरफ, पृथ्वी पर सबसे गहरी जग मैरियाना ट्रेंच (प्रशांत महासागर में) है जिसकी गहराई समुद्र तल से 11,022 मी है।

Continents on Map of Earth

महाद्वीप

दुनिया में सात महाद्वीप हैं जो जलाशयों के कारण एक दूसरे से अलग हैं। सात महाद्वीपों के नाम हैं: एशिया, यूरोप, अफ्रिका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका। भूभाग का अधिकांश हिस्सा उत्तरी गोलार्ध में स्थित है।

एशिया

यह सबसे बड़ा महाद्वीप है। पृथ्वी के भूभाग का लगभग एक तिहाई हिस्सा एशिया महाद्वीप में आता है। यह महाद्वीप पूर्वी गोलार्ध में स्थित है। एशिया से होकर कर्क रेखा गुजरती है। पश्चिम में यूराल पर्वत एशिया और यूरोप को अलग करता है। एशिया और यूरोप को सम्मिलित रूप से यूरेशिया कहा जाता है।

यूरोप

एशिया की तुलना में यूरोप बहुत छोटा है और एशिया के पश्चिम में स्थित है। यह तीन तरफ से जलाशयों से घिरा है। यूरोप से होकर आर्कटिक वृत्त गुजरता है।

अफ्रिका

यह दूसरा सबसे बड़ा महाद्वीप है। अफ्रिका का अधिकांश हिस्सा उत्तरी गोलार्ध में स्थित है। यह इकलौता महाद्वीप है जिससे होकर तीन मुख्य समांतर रेखाएँ गुजरती हैं। अफ्रिका से होकर विषुवत रेखा, कर्क रेखा और मकर रेखा तीनों गुजरती हैं। विषुवत रेखा अफ्रिका के लगभग बीचोबीच से गुजरती है। दुनिया का सबसे बड़ा गर्म मरुस्थल (सहारा मरुस्थल) अफ्रिका महाद्वीप में है। दुनिया की सबसे लंबी नदी (नील) अफ्रिका में है। यह महाद्वीप चारों ओर से जलाशयों से घिरा है।

उत्तरी अमेरिका

यह तीसरा सबसे बड़ा महाद्वीप है। उत्तरी अमेरिका और दक्षिणी अमेरिका आपस में पनामा स्थलसंधि द्वारा जुड़े हुए हैं।

स्थलसंधि: स्थल का एक संकरा भाग जो दो बड़े स्थलीय भागों को एक दूसरे से जोड़ता है।

उत्तरी अमेरिका उत्तरी गोलार्ध और पश्चिमी गोलार्ध में स्थित है। यह महाद्वीप तीन महासागरों से घिरा है: अटलांटिक महासागर, प्रशांत महासागर और आर्कटिक महासागर।

दक्षिणी अमेरिका

दक्षिणी अमेरिका का अधिकांश हिस्सा दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है। यह महाद्वीप दो महासागरों से घिरा है: अटलांटिक और प्रशांत महासागर। एंडीज; जो दुनिया की सबसे लंबी पर्वतमाला है; दक्षिण अमेरिका में है। दुनिया की सबसे विशाल नदी (अमेजॉन) भी इसी महाद्वीप में है।

ऑस्ट्रेलिया

यह सबसे छोटा महाद्वीप है। यह पूरी तरह से दक्षिणी गोलार्ध में स्थित है। चारों ओर से समुद्र से घिरा होने के कारण ऑस्ट्रेलिया को द्वीपीय महाद्वीप भी कहते हैं।

अंटार्कटिका

यह एक विशाल महाद्वीप है जो दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में स्थित है। दक्षिणी ध्रुव इस महाद्वीप के केंद्र में स्थित है। इस महाद्वीप में मनुष्य का स्थाई निवास नहीं है। कई देशों ने यहाँ शोध केंद्र खोल रखे हैं। भारत के शोध केंद्रों के नाम हैं: मैत्री और गंगोत्री।