7 भूगोल

प्राकृतिक वनस्पति एवं वन्य जीवन

प्राकृतिक वनस्पति: जब पादप अपने आप (इंसान की मदद के बिना) उगते हैं तो उन्हें प्राकृतिक वनस्पति कहते हैं।

वन्य जीवन: जो जंतु अपने प्राकृतिक आवास में (अक्सर मानव आबादी से दूर) रहते हैं उन्हें वन्य जीवन कहते हैं। किसी भी स्थान का वनस्पतिजात और प्राणी जात उस स्थान की जलवायु पर निर्भर रहता है।

वनस्पति पर ऊँचाई का असर: समुद्रतल से जमीन की ऊँचाई और वनस्पति में गहरा संबंध है। अधिक ऊँचाई पर जाने पर आपको घने जंगल नहीं मिलेंगे। पहाड़ की ढ़ालों पर हमें नुकीले पत्ते वाले वृक्ष मिलते हैं जिनकी कैनोपी (वितान) शंकु या कोन के आकार की होती है। और भी अधिक ऊँचाई पर पहुँचने पर, वनस्पति के नाम पर बस छोटी घास और काई मिलती है। किसी भी स्थान पर वनस्पति का पनपना इन बातों पर निर्भर करता है: तापमान, नमी, ढ़ाल और मिट्टी की मोटाई।

प्राकृतिक वनस्पति के प्रकार

वन: वृक्षों से घने रूप से आच्छादित जगह को वन कहते हैं। जिस जगह पर तापमान अधिक होता है और प्रचुर वर्षा होती है उस स्थान पर वन पाए जाते हैं। तापमान और वर्षा के आधार पर कोई वन सघन या खुला हो सकता है।

घासस्थल: मध्यम वर्षण वाले इलाकों में घासस्थल पाए जाते हैं। घासस्थल में ऊँचे वृक्ष कम ही होते हैं।

काँटेदार झाड़ियाँ: शुष्क क्षेत्रों में काँटेदार झाड़ियाँ उगती हैं।

वनों के प्रकार

उष्णकटिबंधीय सदाबहार वन, उष्णकटिबंधीय पतझड़ वन, शीतोष्ण सदाबहार वन, शीतोष्ण पतझड़ वन, भूमध्यसागरीय वनस्पति, शंकुधारी वन

उष्णकटिबंधीय सदाबहार वन

: इस प्रकार के वन भूमध्य रेखा और उष्णकटिबंध के पास पाए जाते हैं। इन क्षेत्रों में अधिक तापमान और प्रचुर वर्षण होता है इसलिए यहाँ के वनों को वर्षावन भी कहते हैं। इस वन के पेड़ों की पत्तियाँ एक साथ नहीं झड़ती हैं इसलिए ये हमेशा हरे भरे रहते हैं और सदाबहार वन कहलाते हैं। वर्षावन के पेड़ इतने पास पास उगते हैं दिन के समय भी सूर्य की रोशनी इस वन की जमीन पर नहीं पहुँच पाती है। यहाँ पर कठोर लकड़ी वाले वृक्ष पाए जाते हैं, जैसे रोजवुड, एबोनी, महोगनी, आदि।

उष्णकटिबंधीय पतझड़ वन

इन्हें पर्णपाती वन भी कहते हैं। मानसून पर निर्भर होने के कारण इन्हें मानसून वन भी कहते हैं। इस तरह के वन भारत, उत्तरी अमेरिका और सेंट्रल अमेरिका के बड़े भूभाग में पाए जाते हैं। इस वन के पेड़ साल में एक बार शुष्क मौसम में अपने पत्ते गिराते हैं ताकि जल का संरक्षण हो पाए। इसलिए इन्हें पर्णपाती वन या पतझड़ वन कहते हैं। इस वन के कुछ वृक्ष हैं: साल, टीक, नीम और शीशम। इस वन के कुछ आम जंतु हैं: बाघ, शेर, हाथी, आदि।

शीतोष्ण सदाबहार वन

इस प्रकार के वन मध्य-अक्षांश के तटीय क्षेत्रों में पाए जाते हैं। ऐसे वन अक्सर महाद्वीपों के पूर्वी तट पर पाए जाते हैं, जैसे दक्षिण-पूर्वी यूएसए, दक्षिणी चीन और दक्षिण-पूर्वी ब्राजील। इन वनों में कठोर और मुलायम लकड़ी वाले वृक्ष मिलते हैं, जैसे ओक, पाइन, यूकेलिप्टस, आदि।

शीतोष्ण पतझड़ वन

इस प्रकार के वन ऊँचे अक्षांश पर पाए जाते हैं, जैसे पूर्वोत्तर यूएसए, चीन, न्यूजीलैंड, चिली और यूरोप के तटीय इलाके। इस वन के मुख्य वृक्ष हैं, ओक और बर्च। हिरण, लोमड़ी और भेड़िया इस वन के आम जंतु हैं।