8 भूगोल

मानव संसाधन

NCERT अभ्यास

प्रश्न 1: निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए

(a) लोगों को एक संसाधन क्यों समझा जाता है?

उत्तर: मानव संसाधन के बिना बाकी के संसाधन बेकार साबित होते हैं। मनुष्य के कौशल के बिना किसी भी संसाधन का समुचित उपयोग संभव नहीं है। इसलिए लोगों को एक संसाधन समझा जाता है।

(b) विश्व में जनसंख्या के असमान वितरण के क्या कारण हैं?

उत्तर: विश्व में जनसंख्या वितरण के कई कारण हैं। स्थलाकृति, जलवायु, मिट्टी, जल और खनिज भौगोलिक कारक हैं जो जनसंख्या वितरण को प्रभावित करते हैं। इसके अलावा कई सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक कारक भी जनसंख्या वितरण को प्रभावित करते हैं।

(c) विश्व की जनसंख्या अत्यंत तीव्रता से बढ़ रही है। क्यों?

उत्तर: 1950 के दशक के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और कृषि उत्पादकता में बहुत अच्छी वृद्धि हुई है। इससे लोगों की जीवन प्रत्याशा बढ़ी है और जन्म दर तथा मृत्यु दर भी कम हुई है। इसलिए विश्व की जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है।

(d) जनसंख्या परिवर्तन को प्रभावित करने वाले किन्हीं दो कारकों की भूमिका का वर्णन कीजिए।

उत्तर: जनसंख्या परिवर्तन को प्रभावित करने वाले दो महत्वपूर्ण कारक हैं जन्म दर और मृत्यु दर में अंतर तथा प्रवास।

जब मृत्यु दर, जन्म दर से अधिक होती है तो जनसंख्या घटती है। जब जन्म और मृत्यु दर बराबर होते हैं तो जनसंख्या ना तो घटती है और ना ही बढ़ती है। जब जन्म दर की तुलना में मृत्यु दर कम होती है तो जनसंख्या बढ़ती है। जन्म दर और मृत्यु दर के अंतर को जनसंख्या की प्राकृतिक वृद्धि दर कहते हैं।

प्रवास: जब लोग आजीविका की तलाश में एक स्थान से दूसरे स्थान जाते हैं तो इसे प्रवास कहते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की आबादी आप्रवास के कारण बढ़ी है। सूडान की आबादी उत्प्रवास के कारण घटी है। कम विकसित देशों के लोग अक्सर बेहतर आर्थिक अवसरों की तलाश में अधिक विकसित देशों की ओर प्रवास करते हैं।

(e) जनसंख्या संघटन से क्या तात्पर्य है?

उत्तर: किसी देश की जनसंख्या के संघटन से कई बातों का पता चलता है, जैसे लोगों की औसत आयु, लिंग, साक्षरता, स्वास्थ्य, व्यवसाय और आय का स्तर।

(f) जनसंख्या पिरामिड क्या है? ये किसी देश की जनसंख्या को समझने में किस प्रकार मदद करते हैं?

उत्तर: जनसंख्या के संघटन को समझने के लिए जनसंख्या पिरामिड बहुत कारगर साधन है। जनसंख्या पिरामिड में कुल जनसंख्या को विभिन्न आयु वर्गों में बाँटा जाता है, जैसे 5 से 9 वर्ष, 10 से 14 वर्ष, आदि। हर आयु वर्ग की जनसंख्या के प्रतिशत को पुरुष और महिला में बाँटा जाता है।

बच्चों (15 वर्ष से कम) और बुजुर्गों (65 वर्ष से अधिक) की संख्या से यह पता चलता है कि आश्रितों की संख्या क्या है। कार्यरत आयु (15 से 65 वर्ष) के लोगों की संख्या से पता चलता है कि आर्थिक रूप से सक्रिय लोग कितने हैं।

प्रश्न 2: सही उत्तर को चिह्नित कीजिए

(i) जनसंख्या वितरण शब्द से क्या तात्पर्य है?

  1. किसी विशिष्ट क्षेत्र में समय के साथ जनसंख्याअ में किस प्रकार का परिवर्तन होता है।
  2. किसी विशिष्ट क्षेत्र में जन्म लेने वाले लोगों की संख्या के संदर्भ में मृत्यु प्राप्त करने वाले लोगों की संख्या
  3. किसी दिए हुए क्षेत्र में लोग किस रूप में वितरित हैं।

उत्तर: (c) किसी दिए हुए क्षेत्र में लोग किस रूप में वितरित हैं।

(ii) वे तीन मुख्य कारक कौन से हैं जिनसे जनसंख्या में परिवर्तन होता है?

  1. जन्म, मृत्यु और विवाह
  2. जन्म, मृत्यु और प्रवास
  3. जन्म, मृत्यु और जीवन प्रत्याशा

उत्तर: (b) जन्म, मृत्यु और प्रवास

(iii) 1999 में विश्व की जनसंख्या हो गई

  1. 1 अरब
  2. 3 अरब
  3. 6 अरब

उत्तर: (c) 6 अरब

(iv) जनसंख्या पिरामिड क्या है?

  1. जनसंख्या का आयु लिंग संघटन का आलेखीय निरूपण
  2. जब किसी क्षेत्र का जनघनत्व इतना बढ़ा जाता है कि लोग ऊँची इमारतों में रहते हैं
  3. बड़े नगरीय क्षेत्रों में जनसंख्या वितरण का प्रतिरूप

उत्तर: (a) जनसंख्या का आयु लिंग संघटन का आलेखीय निरूपण

नीचे दिए गए शब्दों का उपयोग करके वाक्यों को पूरा कीजिए

विरल, अनुकूल, परती, कृत्रिम, उर्वर, प्राकृतिक, चरम, घना

जब लोग किसी क्षेत्र की ओर आकर्षित होते हैं तब यह ............... बसा हुआ बन जाता है। इसे प्रभावित करने वाले कारकों के अंतर्गत ............ जलवायु, ……………. संसाधनों की आपूर्ति और ............. जमीन आते हैं।

उत्तर: जब लोग किसी क्षेत्र की ओर आकर्षित होते हैं तब यह घना बसा हुआ बन जाता है। इसे प्रभावित करने वाले कारकों के अंतर्गत अनुकूल जलवायु, प्राकृतिक संसाधनों की आपूर्ति और उर्वर जमीन आते हैं।