9 समाज शास्त्र

भारत:
आकार और स्थिति

स्थिति

भारत उत्तरी गोलार्ध में स्थित है। भारत का मुख्य भाग 84° उत्तर से 37°6' उत्तर अक्षांश तक और 68°7' पूर्व से 97°25' पूर्व देशांतर तक है। कर्क रेखा (23°30') देश को लगभग दो बराबर भागों में बाँटती है। मुख्य भूभाग के दक्षिण पूर्व में अंडमान निकोबार द्वीप समूह (बंगाल की खाड़ी में) है और दक्षिण पश्चिम में लक्षद्वीप द्वीप समूह (अरब सागर में) स्थित हैं।

आकार

भारत के भूभाग का कुल क्षेत्रफल 32.8 लाख वर्ग किमी है। भारत का भूभाग विश्व के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का 2.4% है और क्षेत्रफल के मामले में यह दुनिया का सातवां सबसे बड़ा देश है। भारत की स्थल सीमा रेखा लगभग 15,200 किमी लंबी है। भारत की समुद्री तट रेखा (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप समूह के साथ) 7,516.6 किमी है।

भारत के उत्तर-पश्चिम, उत्तर और उत्तर-पूर्वी सीमा पर नवीनतम वलित पर्वत हैं। इस देश के दक्षिण का भूभाग उत्तर में चौड़ा है और 22° उत्तरी अक्षांश से हिंद महासागर की ओर संकरा होता चला गया है। भारत के पूर्व में बंगाल की खाड़ी और पश्चिम में अरब सागर है।

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गुजरने वाली 82°30' पूर्व देशांतर रेखा को भारत की मानक याम्योत्तर माना गया है। इसका मतलब है कि भारत का मानक समय इसी देशांतर पर आधारित है, जो अंतर्राष्ट्रीय मानक समय से 5 घंटे 30 मिनट आगे है।

पड़ोसी देश

भारत के उत्तर पश्चिम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान, उत्तर में चीन, नेपाल और भूटान, तथा पूर्व में बांग्लादेश तथा म्यांमार है। भारत के दक्षिण में श्रीलंका और मालदीव हैं।

NCERT अभ्यास

बहुवैकल्पिक प्रश्न

प्रश्न 1: कर्क रेखा किस राज्य से नहीं गुजरती है?

  1. राजस्थान
  2. उड़ीसा
  3. छत्तीसगढ़
  4. त्रिपुरा

उत्तर: (b) उड़ीसा

प्रश्न 2: भारत का सबसे पूर्वी देशांतर कौन सा है?

  1. 97°25' पू
  2. 77°6' पू
  3. 68°7' पू
  4. 82°32' पू

उत्तर: (a) 97°25' पू

प्रश्न 3: उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम की सीमाएँ किस देश को छूती हैं?

  1. चीन
  2. भूटान
  3. नेपाल
  4. म्यांमार

उत्तर: (c) नेपाल

प्रश्न 4: ग्रीष्मावकाश में आप यदि कवरत्ती जाना चाहते हैं तो किस केंद्र शासित क्षेत्र में जाएँगे?

  1. पुडुचेरी
  2. लक्षद्वीप
  3. अंडमान और निकोबार
  4. दीव और दमन

उत्तर: (b) लक्षद्वीप

प्रश्न 5: मेरे मित्र एक ऐसे देश के निवासी हैं जिस देश की सीमा भारत के साथ नहीं लगती है। आप बताइए, वह कौन सा देश है?

  1. भूटान
  2. ताजिकिस्तान
  3. बांग्लादेश
  4. नेपाल

उत्तर: (b) ताजिकिस्तान

निम्न प्रश्नों के उत्तर संक्षेप में दीजिए:

प्रश्न 1: अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी में स्थित द्वीप समूह के नाम बताइए। दक्षिण में कौन-कौन से द्वीपीय देश हमारे पड़ोसी हैं?

उत्तर: अरब सागर में लक्षद्वीप है और बंगाल की खाड़ी में अंडमान निकोबार द्वीप समूह है। श्रीलंका और मालदीव दक्षिण में हमारे पड़ोसी हैं।

प्रश्न 2: उन देशों के नाम बताइए जो क्षेत्रफल में भारत से बड़े हैं?

उत्तर: रूस, कनाडा, संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया

प्रश्न 3: हमारे उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और उत्तर-पूर्वी पड़ोसी देशों के नाम बताइए।

उत्तर: उत्तर पश्चिम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान, उत्तर में नेपाल, भूटान और चीन तथा उत्तर-पूर्व में म्यांमार और बांग्लादेश हमारे पड़ोसी हैं।

प्रश्न 4: भारत में किन-किन राज्यों से कर्क रेखा गुजरती है, उनके नाम बताइए।

उत्तर: गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और मिजोरम

प्रश्न 5: सूर्योदय अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी भाग में गुजरात के पश्चिमी भाग की अपेक्षा 2 घंटे पहले क्यों होता है, जबकि दोनों राज्यों में घड़ी एक ही समय दर्शाती है? स्पष्ट कीजिए।

उत्तर: अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी भाग और गुजरात के पश्चिमी भाग में लगभग 30° देशांतर का अंतर है। इसलिए दोनों स्थानों के सूर्योदय के समय में 2 घंटे का अंतर रहता है। पूरे भारत में भारतीय मानक समय का पालन होता है इसलिए दोनों राज्यों में घड़ी एक ही समय दर्शाती है।

प्रश्न 6: हिंद महासागर में भारत की केंद्रीय स्थिति से इसे किस प्रकार का लाभ प्राप्त हुआ है?

उत्तर: हिंद महासागर में केंद्रीय स्थिति होने के कारण भारत पश्चिमी देशों, यूरोप, अरब के देशों और पूर्वी एशियाई देशों से जल मार्ग से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है। इसलिए भारत हमेशा से व्यापार मार्ग के केंद्र में रहा है। इसलिए भारत से होकर सदियों से माल और विचारों का आदान प्रदान होता रहा है, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था और संस्कृति पर गहरा प्रभाव डाला है।

मानचित्र कौशल

निम्नलिखित की मानचित्र की सहायता से पहचान कीजिए:

  1. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में स्थित द्वीप समूह
  2. भारतीय उपमहद्वीप किन देशों से मिलकर बनता है?
  3. कर्क रेखा कौन-कौन से राज्यों से गुजरती है?
  4. भारतीय मुख्य भूभाग का दक्षिणी शीर्ष बिंदु
  5. भारत का सबसे उत्तरी अक्षांश
  6. अंशों में भारत के मुख्य भूभाग का दक्षिणी अक्षांश
  7. भारत का सबसे पूर्वी और पश्चिमी देशांतर
  8. सबसे लंबी तट रेखा वाला राज्य
  9. भारत और श्रीलंका को अलग करने वाली जलसंधि
Map of India