9 विज्ञान

खाद्य संसाधन

NCERT अभ्यास

प्रश्न 1: फसल उत्पादन की एक विधि का वर्णन करो जिससे अधिक पैदावार प्राप्त हो सके।

उत्तर: अंतरा-फसलीकरण की विधि में दो या अधिक फसलों को एक ही खेत में उगाते हैं और फसलों को एक निश्चित पैटर्न पर उगाया जाता है। एक पंक्ति में एक प्रकार की फसल और दूसरी पंक्ति में दूसरे प्रकार की फसल उगाई जाती है। उदाहरण: सोया + मक्का, बाजरा + लोबिया। इस विधि के लिए अलग अलग पोषक आवश्यकताओं वाली फसलों का चुनाव किया जाता है ताकि पोषकों का अधिकतम उपयोग हो सके। इस विधि से पीड़क या रोगों को एक प्रकार की फसल के सभी पौधों में फैलने से रोकना संभव हो पाता है

प्रश्न 2: खेतों में खाद तथा उर्वरक का उपयोग क्यों करते हैं?

उत्तर: पादप को सही वृद्धि के लिए समुचित पोषक पदार्थों की जरूरत पड़ती है और ये सारे पोषक उन्हें मिट्टी से मिलते हैं। जब किसी खेत पर कई बार फसल काट ली जाती है तो वहाँ की मिट्टी में से पोषक तत्व समाप्त होने लगते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरकता कम हो जाती है या समाप्त हो जाती है। इसलिए मिट्टी की उर्वरकता वापस लाने के लिए खाद या उर्वरक का उपयोग करते हैं।

प्रश्न 3: अंतराफसलीकरण तथा फसल चक्र के क्या लाभ हैं?

उत्तर: इन विधियों से एक जमीन पर एक ही बार में दो या दो से अधिक फसल उगाई जा सकती है। यदि एक फसल बरबाद भी हो गई तो दूसरी फसल के कारण किसान का घाटा कम होता है। संसाधनों का समुचित उपयोग होता है। इन विधियों से किसी खेत से प्रति एकड़ उत्पादन भी बढ़ाया जा सकता है।

प्रश्न 4: आनुवंशिक फेरबदल क्या है? कृषि प्रणाली में ये कैसे उपयोगी हैं?

उत्तर: जिस विधि से किसी भी प्रजाति के जीन में कोई फेरबदल संभव हो उसे आनुवंशिक फेरबदल कहते हैं। इस विधि से किसी भी प्रजाति में ऐच्छिक गुण लाये जा सकते हैं जिससे पैदावार बढ़ाई जा सके।

प्रश्न 5: भंडार ग़ृहों (गोदामों) में अनाज की हानि कैसे होती है?

उत्तर: गोदाम में अगर नमी हो तो उससे अनाज खराब हो जाता है। गोदाम में अक्सर कीड़ों और चूहों के कारण भी अनाज का नुकसान होता है।

प्रश्न 6: किसानों के लिए पशु पालन प्रणालियाँ कैसे लाभदायक हैं?

उत्तर: पशुपालन की प्रणाली अपनाने से पशुओं को पालने का तरीका अधिक वैज्ञानिक हो जाता है जिससे पशु और पशुपालक दोनों को लाभ होता है। पशु को उचित भोजन और साफ सुथरा आवास मिलता है। पशुपालक को अधिक उत्पादन मिलता है जिससे कमाई अच्छी होती है।

प्रश्न 7: पशु पालन के क्या लाभ हैं?

उत्तर: पशुपालन से किसान को आय का एक अतिरिक्त स्रोत मिल जाता है। फसल खराब होने की स्थिति में भी पशुपालन उनके लिए किसी इंश्योरेंस की तरह काम करता है।

प्रश्न 8: उत्पादन बढ़ाने के लिए कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन तथा मधुमक्खी पालन में क्या समानताएँ हैं?

उत्तर: तीनों में उत्पादन बढ़ाने के लिए अच्छी नस्ल की जरूरत पड़ती है।

प्रश्न 9: प्रग्रहण मत्स्यन, मेरीकल्चर तथा जल संवर्धन में क्या अंतर है?

उत्तर: प्राकृतिक स्रोतों से मछली पकड़ने को प्रग्रहण मत्स्यन कहते हैं। मेरीकल्चर का मतलब समुद्र में मछली पालन जबकि मछली प्राप्त करने की हर विधि को सामूहिक रूप से जल संवर्धन कहते हैं।