8 विज्ञान

घर्षण

NCERT अभ्यास

प्रश्न 1: रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए

  1. घर्षण एक दूसरे के सम्पर्क में रखी दो वस्तुओं के पृष्ठों के बीच ............... का विरोध करता है।
  2. घर्षण पृष्ठों के .............. निर्भर करता है।
  3. घर्षण से .............. उत्पन्न होती है।
  4. कैरम बोर्ड पर पाउडर छिड़कने से घर्षण .............. हो जाता है।
  5. सर्पी घर्षण स्थैतिक घर्षण से ............. होता है।

उत्तर: (a) गति, (b) अनियमितता, (c) ऊष्मा, (d) कम, (e) कम

प्रश्न 2: चार बच्चों को लोटनिक, स्थैतिक तथा सर्पी घर्षण के कारण बलों को घटते क्रम में व्यवस्थित करने के लिए कहा गया। उनकी व्यवस्था नीचे दी गई है। सही व्यवस्था का चयन कीजिए।

  1. लोटनिक, स्थैतिक, सर्पी
  2. लोटनिक, सर्पी, स्थैतिक
  3. स्थैतिक, सर्पी, लोटनिक
  4. सर्पी, स्थैतिक, लोटनिक

उत्तर: (c) स्थैतिक, सर्पी, लोटनिक

प्रश्न 3: आलिदा अपनी खिलौना कार को संगमरमर के सूखे फर्श, संगमरमर के गीले फर्श, फर्श पर बिछे समाचार पत्र तथा तौलिए पर चलाती है। कार पर विभिन्न पृष्ठों द्वारा लगे घर्षण बल का बढ़ता क्रम होगा

  1. संगमरमर का गीला फर्श, संगमरमर का सूखा फर्श, समाचारपत्र, तौलिया
  2. समाचारपत्र, तौलिया, संगमरमर का सूखा फर्श, संगमरमर का गीला फर्श
  3. तौलिया, समाचारत्र, संगमरमर का सूखा फर्श, संगमरमर का गीला फर्श
  4. संगमरमर का गीला फर्श, संगमरमर का सूखा फर्श, तौलिया, समाचारपत्र

उत्तर: (a) संगमरमर का गीला फर्श, संगमरमर का सूखा फर्श, समाचारपत्र, तौलिया

प्रश्न 4: मान लीजिए आप अपने डेस्क को थोड़ा झुकाते हैं। उस पर रखी कोई पुस्तक नीचे की ओर सरकना आरम्भ कर देती है। इस पर लगे घर्षन बल की दिशा दर्शाइए।

उत्तर: घर्षण की दिशा हमेशा गति की दिशा के विपरीत होती है। इसलिए, जब पुस्तक नीचे की ओर सरकना शुरु करती है तो घर्षण की दिशा ऊपर की ओर होती है।

प्रश्न 5: मान लीजिए दुर्घटनावश साबुन के पानी से भरी बाल्टी संगमरमर के किसी फर्श पर उलट जाए। इस गीले फर्श पर आपके लिए चलना आसान होगा या कठिन। अपने उत्तर का कारण बताइए।

उत्तर: गीली फर्श के ऊपर पानी की एक पतली परत बन जाती है। इस परत के कारण घर्षण काफी कम हो जाता है। इसलिए गीले फर्श पर चलना कठिन होता है।

प्रश्न 6: खिलाड़ी कीलदार जूते (स्पाइक्स) क्यों पहनते हैं? व्याख्या कीजिए।

उत्तर: कीलदार जूते से घर्षण बढ़ जाता है और जमीन पर अच्छी पकड़ मिलती है। इसलिए खिलाड़ी कीलदार जूते पहनते हैं।

प्रश्न 7: इकबाल को हलकी पेटिका धकेलनी है तथा सीमा को उसी फर्श पर भारी पेटिका धकेलनी है। कौन अधिक घर्षण बल का अनुभव करेगा और क्यों?

उत्तर: भार बढ़ने से दाब बढ़ता है और दाब बढ़ने से घर्षण बढ़ता है। इसलिए सीमा को अधिक घर्षण बल का अनुभव होगा।

प्रश्न 8: व्याख्या कीजिए, सर्पी घर्षण स्थैतिक घर्षण से कम क्यों होता है?

उत्तर: जब कोई वस्तु विराम की अवस्था में होती है तो दो सतह आपस में इंटरलॉकिंग के कारण एक दूसरे से जुड़ से जाते हैं। जब कोई वस्तु गतिशील होती है तो सतहों के बीच की इंटरलॉकिंग समाप्त हो जाती है। इसलिए सर्पी घर्षण, स्थैतिक घर्षण से कम होता है।

प्रश्न 9: वर्णन कीजिए, घर्षण किस प्रकार शत्रु एवं मित्र दोनों है।

उत्तर: घर्षण हर जगह पाया जाता है। कागज पर लिखने जैसा साधारण सा काम भी घर्षण के बिना नहीं किया जा सकता है। घर्षण के बगैर आप सड़क पर चल नहीं पाएँगे। लेकिन घर्षण के कारण चीजों को क्षति पहुँचती है, और ऊर्जा भी बरबाद होती है। इसलिए घर्षण शत्रु एवं मित्र दोनों है।

प्रश्न 10: वर्णन कीजिए, तरल में गति करने वाली वस्तुओं की आकृति विशेष प्रकार की क्यों बनती है?

उत्तर: धारारेखीय आकृति से तरल घर्षण कम होता है। इसलिए धारारेखीय आकृति वाली वस्तु आसानी से तरल में गति करती है। इसलिए तरल में गति करने वाली वस्तुओं की आकृति विशेष प्रकार की बनती है।