8 विज्ञान

पौधे एवं जंतुओं का संरक्षण

NCERT अभ्यास

Part 2

प्रश्न 5: संक्षेप में उत्तर दीजिए:

(a) हमें जैव विविधता का संरक्षण क्यों करना चाहिए?

उत्तर: जैव विविधता हमारे पर्यावरण और पारितंत्र के लिए बहुत जरूरी होती है। इसलिए हमें जैव विविधता का संरक्षण करना चाहिए।

(b) संरक्षित वन भी वन्य जंतुओं के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षित नहीं हैं, क्यों?

उत्तर: सख्त कानून बनने के बावजूद अपराधी प्रवृत्ति के लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं। संरक्षित वन में जानवरों के शिकार और उनकी तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। कुछ आम लोग भी अपनी जरूरतों को पूरा करने के चक्कर में वन के आस पास की जमीन को नुकसान पहुँचाते हैं।

(c) कुछ आदिवासी वन पर निर्भर करते हैं। कैसे?

उत्तर: आदिवासी अपनी बहुत सी जरूरतों के लिए वन पर निर्भर करते हैं। वे जंगल से जलावन लेते हैं। वे जंगल से केंदु पत्ता और लाख इकट्ठा करके बाजार में बेचते हैं। वे जंगल से जड़ी बूटियाँ भी इकट्ठा करते हैं।

(d) वनोन्मूलन के कारक और उनके प्रभाव क्या हैं?

उत्तर: खेती, मकान, कारखाने, सड़क, आदि के लिए वनों की कटाई होती है। वनोन्मूलन के कारण जंतुओं का आवास छिन जाता है। इससे पर्यावरण पर बुरा असर पड़ता है।

(e) रेड डाटा पुस्तक क्या है?

उत्तर: यह एक किताब है जिसमें संकटापन्न प्रजातियों का रेकॉर्ड रहता है।

(f) प्रवास से आप क्या समझते हैं?

उत्तर: खराब मौसम से बचने के लिए पक्षी और जंतु लम्बी दूरी की यात्रा करते हैं। इस काम को प्रवास कहते हैं।

प्रश्न 6: फैक्ट्रियों एवं आवास की माँग की आपूर्ति हेतु वनों की अनवरत कटाई हो रही है। क्या इन परियोजनाओं के लिए वृक्षों की कटाई न्यायसंगत है? इस पर चर्चा कीजिए तथा एक संक्षिप्त रिपोर्ट तैयार कीजिए।

उत्तर: यह एक मुश्किल सवाल है। विकास और संरक्षण के संतुलन को बनाए रखना बहुत मुश्किल काम है। इन परियोजनाओं के लिए वृक्षों की कटाई बिलकुल भी न्यायसंगत नहीं है। धरती का सबसे समझदार निवासी होने के नाते इंसानों का यह कर्तव्य बनता है कि अन्य जीवों की रक्षा करे और पर्यावरण का संरक्षण करे।

प्रश्न 7: अपने स्थानीय क्षेत्र में हरियाली बनाए रखने में आप किस प्रकार योगदान दे सकते हैं? अपने द्वारा की जाने वाली क्रियाओं की सूची तैयार कीजिए।

उत्तर: अपने स्थानीय क्षेत्र में हरियाली बनाए रखने के लिए मैं अपने आस पड़ोस में पेड़ लगाउँगा। लोगों से अपील करूंगा कि जितना हो सके पेड़ लगाएँ। हर कोई अपनी बालकनी या बरामदे में छोटा सा बगीचा भी लगा सकता है।

प्रश्न 8: वनोन्मूलन से वर्षा दर किस प्रकार कम हुई है? समझाइए।

उत्तर: हम जानते हैं कि पेड़ वाष्पोत्सर्जन की क्रिया द्वारा वायुमंडल में भारी मात्रा में जलवाष्प छोड़ते हैं। इस तरह वर्षा में उनका अहम योगदान होता है। वनोन्मूलन के कारण यह योगदान कम पड़ता जा रहा है। इसलिए वनोन्मूलन से वर्षा दर कम हुई है।

प्रश्न 9: अपने राज्य के राष्ट्रीय उद्यानों के विषय में सूचना एकत्रित कीजिए। भारत के रेखा मानचित्र में उनकी स्थिति दर्शाइए।

उत्तर: राष्ट्रीय उद्यानों के कुछ उदाहरण हैं: दुधवा नेशनल पार्क (उत्तर प्रदेश), कान्हा नेशनल पार्क (मध्य प्रदेश), काजीरंगा नेशनल पार्क (असम), पलामू नेशनल पार्क (झारखंड)।

Outline Map of India  Showing National Parks

प्रश्न 10: हमें कागज की बचत क्यों करना चाहिए? उन कार्यों की सूची बनाइए जिनके द्वारा आप कागज की बचत कर सकते हैं।

उत्तर: कागज बनाने के लिए कच्चा माल पेड़ों से मिलता है। यदि कागज का अधिक इस्तेमाल होगा तो अधिक से अधिक पेड़ों को काटने की जरूरत पड़ेगी। इसलिए कागज की बचत जरूरी है। हम कई तरीकों से कागज की बचत कर सकते हैं। इस्तेमाल हुए लिफाफों पर हम गणित का रफ काम कर सकते हैं। यदि संभव हो तो लिफाफों को कई बार इस्तेमाल करना चाहिए। कॉपी के हर पन्ने पर लिखना चाहिए और किसी भी पन्ने को खाली नहीं छोड़ना चाहिए। पुराने और रद्दी कागज को कबाड़ी वाले को देना चाहिए ताकि कागज का पुनर्चक्रण हो सके।